मूलांक 8 का अंक ज्योतिष 2024

Dec 15, 2023
Loshu & Numerology
मूलांक 8 का अंक ज्योतिष 2024

मूलांक 8 का अंक ज्योतिष 2024

शनि के प्रभाव के चलते आपके भीतर किसी भी काम को धैर्य से करने की क्षमता पर्याप्त मात्रा में रह सकती है। यद्यपि अंक 8 के बनने में किन-किन अंकों की भूमिका है यह बात भी विचारणीय रहेगी, क्योंकि कई बार 8 के निर्माण में 1 या 2 जैसे अंक भी शामिल हो सकते हैं। फलस्वरूप ऐसे मामलों में थोड़ी सी चंचलता भी रह सकती है लेकिन सामान्य तौर पर हम आपको गंभीर व्यक्ति के रूप में ही मानेंगे। आप हर काम को बहुत ही गहराई के साथ सोचते हैं। आप कई बार इतने स्पष्टवादी हो जाते हैं कि सामने वाला आपसे नाराज भी हो जा सकता है। फलस्वरूप आपको तकलीफों का सामना भी करना पड़ सकता है। कभी-कभी आपके स्वभाव में खर्चीलापन भी देखने को मिल सकता है। धन इकट्ठा करने के लिए आपको खूब मेहनत करने की जरूरत पड़ेगी। जीवन में सफलता तो मिलेगी लेकिन काफी प्रयत्नों के बाद यानी कि संघर्ष के बाद सफलता मिलने की अच्छी संभावनाएं आपके साथ रह सकती है।

अंक ज्योतिष 2024 के अनुसार, साल 2024 में आप पर मुख्य रूप से 7, 8, 1, 6, 2 और 4 अंकों का विशेष प्रभाव रहेगा। अंक 8 और 7 के बीच एवरेज या फिर एवरेज से थोड़े से बेहतर संबंध माने गए हैं लेकिन सामान्य तौर पर वर्षफल के लिए अंक 7 का आना कुछ मामलों में कमजोर परिणाम देने वाला कहा गया है। विशेष कर यदि आप प्रेक्टिकल होकर काम करेंगे तो उस स्थिति में परिणाम फेवर के भी रह सकते हैं। व्यर्थ की बातों और तथ्यहीन बातों से दूर रहना ही उचित रहेगा। यद्यपि इस वर्ष आपको भौतिक सुख सुविधाओं की प्राप्ति के अच्छे योग हैं लेकिन भावनात्मक रूप से आप थोड़े से आहत रह सकते हैं।

यही कारण है कि इस वर्ष सफलता पाने के लिए आपको दिल से नहीं बल्कि दिमाग से काम लेने की अधिक जरूरत रहेगी। यदि कार्यक्षेत्र की बात करें तो भले ही आपका संबंध आपके वरिष्ठ सहकर्मियों व बॉस के साथ कितना ही मधुर हो लेकिन वहां भी जज्बात की बजाय अपनी ड्यूटी पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी रहेगा। अंक ज्योतिष 2024 के अनुसार, कार्यालय में होने वाली राजनीति से दूर रहेंगे तो आप अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। स्थानांतरण इत्यादि के लिए प्रयास कर रहे लोग इस वर्ष थोड़ी सी एक्स्ट्रा मेहनत करने की स्थिति में मनचाही जगह पर स्थानांतरण करवा सकेंगे। आर्थिक मामलों के लिए साल औसत से बेहतर है लेकिन आर्थिक मामले में कोई रिस्क लेना उचित नहीं रहेगा। परिजनों के साथ कभी कभार अनबन या असमंजस्य देखने को मिल सकता है। भूमि, भवन, वाहन इत्यादि के क्रय विक्रय के लिए साल औसत है।

अतः सावधानीपूर्वक इस मामले में आप निर्णय ले सकते हैं। प्रेम संबंधों में आवश्यकता से अधिक भावुक होना या बात-बात पर हस्तक्षेप करना उचित नहीं रहेगा। इसी तरह दांपत्य जीवन में एक दूसरे की भावनाओं और एक दूसरे की सेहत का ख्याल रखते हुए आप बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। यदि आप विद्यार्थी हैं तो वर्ष का शुरुआती हिस्सा थोड़ा सा कठिनाई भरा तो वहीं वर्ष का दूसरा हिस्सा तुलनात्मक रूप से बेहतर परिणाम दे सकता है।

उपाय: उपाय के रूप में शिव जी का नियमित रूप से पूजन अर्चन फायदेमंद रहेगा। साथ ही साथ नियमित रूप से गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करना भी शुभ रहेगा। यदि संभव हो तो प्रत्येक महीने अन्यथा कम से कम प्रत्येक तीसरे महीने में एक बार रुद्राभिषेक करवाना शुभ रहेगा।

Recent Posts

More About Shoperclub