चंद्रमा के प्रभाव के चलते आपके भीतर अच्छी सृजनात्मक क्षमता अर्थात क्रिएटिविटी देखने को मिल सकती है। सामान्य तौर पर आप भावना प्रधान व्यक्ति होंगे। आप दूसरों की भावनाओं की कद्र करते हैं तथा दूसरों से भी ऐसी उम्मीद रखते हैं कि वो लोग भी आपकी भावनाओं की पूरी कदर करें। चंद्रमा को स्वभाव से चंचल किंतु अंदर से ममतामयी ग्रह माना गया है। अतः आप शांत स्वभाव के होते हुए भी कभी कभार चंचल देखे जा सकते हैं। आपकी मानसिक क्षमता काफी मजबूत होगी। आप ज्यादातर कामों को योजनाबद्ध तरीके से करना पसंद करते हैं। आप अपने संबंधों और रिश्तों को खूब महत्व देते हैं। दूसरों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। यदि किसी काम में आपको संतुष्टि नहीं मिलती है तो आप उसे काम को छोड़ सकते हैं और नए काम की शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि इस मामले में आपको थोड़ा सा संशोधन करने की आवश्यकता रहेगी। क्योंकि जरूरी नहीं की हर काम शुरुआत से ही आपको संतुष्टि दे। कई बार शुरुआत में परेशानी देने वाला काम आगे चलकर के बहुत अच्छे परिणाम भी देता है। अतः धैर्य को बढ़ाने की कोशिश आपके लिए फायदेमंद रहेगी। छोटी-छोटी बातों पर निराश होने से बचेंगे तो जीवन में काफी तरक्की करेंगे।
अंक ज्योतिष 2024 के अनुसार, साल 2024 में आप पर मुख्य रूप से 1, 8, 2 और 4 अंकों का विशेष प्रभाव रहेगा। 2 और 1 के बीच के संबंध अंकों की दुनिया में काफी अच्छे माने गए हैं। फलस्वरुप साल 2024 ज्यादातर मामलों में आपको काफी अच्छे परिणाम देना चाहेगा। आपके भीतर की सृजनात्मक क्षमता को सपोर्ट करने वाले लोग इस वर्ष पर्याप्त मात्रा में आपके साथ जुड़ सकते हैं। फलस्वरुप आप अपनी योग्यता का विस्तार करके सफलता की सीढ़ियां चढ़ने लगेंगे। शासन प्रशासन या उच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों का सहयोग इस वर्ष आपको मिल सकता है। आप जिस योजना पर काम करना चाह रहे हैं; अपने वरिष्ठों और शुभाचिंतकों के माध्यम से सामर्थ्यवान लोगों से मिलकर उस योजना को आगे बढ़ा सकेंगे। हालांकि अंक 8 और 4 का प्रभाव होने के कारण कभी-कभी कामों में धीमापन देखने को मिल सकता है लेकिन ज्यादातर कामों के संपन्न होने की संभावनाएं मजबूत हैं।
आर्थिक मामलों में भी इस साल आप काफी अच्छा करते हुए देखे जा सकेंगे। घर परिवार से जुड़े लोगों के लिए आप काफी अच्छा करने की कोशिश करेंगे और उस कोशिश में कामयाब भी रहेंगे। हालांकि कभी-कभी आपको ऐसा लग सकता है कि कुछ एक व्यक्ति आपकी भावनाओं का नाजायज फायदा उठाना चाह रहे हैं लेकिन इसके बावजूद भी आप मदद करने से पीछे नहीं हटेंगे। नए वाहन इत्यादि खरीदने के मामले में यह साल आपके लिए मददगार हो सकता है। संतान और शिक्षा से जुड़े मामलों में भी इस वर्ष आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। निजी संबंधों में विशेषकर प्रेम और विवाह से संबंधित मामलों में अहंकार से बचेंगे तो आप काफी अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। इस साल कुछ नया और विशेष करने का अवसर भी आपको मिल सकता है। सारांश यह की साल 2024 मूलांक 2 वाले लोगों के लिए सामान्य तौर पर काफी अच्छे परिणाम देता हुआ प्रतीत हो रहा है।
उपाय: इस वर्ष जीवन में अनुशासन के ग्राफ को और बढ़ाना है। पिता तथा पितातुल्य व्यक्तियों की सेवा सत्कार करते हुए उनका मार्गदर्शन प्राप्त करना है। नियमित रूप से सुबह सवेरे उठकर स्नान आदि से निवृत होकर सूर्यदेव को कुमकुम मिला हुआ जल चढ़ाना आपके लिए शुभ रहेगा।